छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों के लिए नए साल की शुरुआत खुशखबरी के साथ हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने कर्मचारियों को केंद्र सरकार के अनुरूप 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने की घोषणा कर दी है। इस फैसले से प्रदेशभर के कर्मचारियों और उनके परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैरी जोसेफ ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा बल्कि सरकार की कर्मचारी-हितैषी सोच को भी दर्शाता है।

श्री जोसेफ ने कहा कि महंगाई के इस दौर में डीए में वृद्धि कर्मचारियों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। इस निर्णय से कर्मचारियों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में राहत मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रोहिणी पुरम में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के अनुरूप तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की औपचारिक घोषणा की गई। इस घोषणा के बाद राज्य के कर्मचारी जगत में त्यौहार जैसा माहौल बन गया है। उन्होंने ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार लगातार कर्मचारियों के हित में फैसले ले रही है। डीए वृद्धि का यह निर्णय आने वाले समय में कर्मचारियों और सरकार के बीच विश्वास को और मजबूत करेगा।


