अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के शिक्षक मयंक जैन को राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया है। जयपुर इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में उन्हें शिक्षा क्षेत्र में सराहनीय योगदान, उच्च शैक्षणिक मानदंडों और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए यह गौरव प्राप्त हुआ है।
मूल रूप से अशोकनगर (म.प्र.) निवासी मयंक जैन विगत 10 वर्षों से मंगलायतन विश्वविद्यालय में निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उनकी सक्रियता और विद्यार्थियों के प्रति उनके मार्गदर्शन ने उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान का पात्र बनाया है। यह पुरस्कार उन्हें पूर्व सैनिकों द्वारा संचालित प्रतिष्ठित संस्था वाईएसएस (YSS) फाउंडेशन के चेयरमैन कमल चौधरी, कैप्टन आर.सी. त्रिपाठी और कैप्टन मुकेश कुमार द्वारा प्रदान किया गया।

मयंक जैन की इस गौरवमयी उपलब्धि पर मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.के. दशोरा, कुलसचिव ब्रिगेडियर प्रो. सुमर वीर सिंह और संयुक्त कुलसचिव प्रो. दिनेश शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र सिंह और डॉ. मनीषा उपाध्याय ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए एक गर्व का क्षण बताया।
अपनी इस सफलता पर मयंक जैन ने विनम्रतापूर्वक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें विश्वविद्यालय के प्रेरणादायी वातावरण और अपने परिवार—माता-पिता, छोटे भाई, धर्मपत्नी व पुत्री मर्मिका—के वात्सल्य और सहयोग से प्राप्त हुआ है। मयंक जैन की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार और उनके गृह नगर अशोकनगर के शुभचिंतकों में प्रसन्नता व्याप्त है।
चित्र परिचय: जयपुर में आयोजित समारोह के दौरान ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ ग्रहण करते मंगलायतन विश्वविद्यालय के मयंक जैन।


