कांग्रेस प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने साय सरकार के हालिया बजट को जनअपेक्षाओं से कटा हुआ बताया है। उन्होंने कहा कि लगभग पौने दो घंटे के बजट भाषण में बड़े आंकड़े और घोषणाएं जरूर गिनाई गईं, लेकिन युवाओं, महिलाओं, कृषक वर्ग और आम जनता के लिए कोई स्पष्ट एवं समयबद्ध विज़न नजर नहीं आया। शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं जैसे मूल मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना का अभाव दिखाई देता है।

अजमानी ने आगे कहा कि प्रदेश में खेती का रकबा और उत्पादन बढ़ने के बावजूद धान खरीदी में कमी से अन्नदाता वर्ग में निराशा है। रोजगार के नाम पर घोषणाएं की गई हैं, जबकि लाखों युवा नौकरी की प्रतीक्षा में हैं। सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने और अस्पतालों में सुविधाएं मजबूत करने जैसे अहम विषयों पर स्पष्ट योजना सामने नहीं आई।
विशु अजमानी ने कहा कि महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय सरकार ने प्रचार पर अधिक ध्यान दिया है। मजदूर, महिलाओं और मध्यम वर्ग को अपेक्षित राहत नहीं मिली। अंत में उन्होंने कहा कि जनता अब केवल कागजी घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी, प्रदेश को धरातल पर ठोस परिणाम चाहिए। अंत में उनहोने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करती रहेगी।


