अक्सर लोगों को लगता है कि ब्लड शुगर लेवल बढ़ना (High Blood Sugar) सिर्फ मिठाई, चॉकलेट या स्वीट ड्रिंक्स से होता है। इसलिए जब कोई व्यक्ति मीठा खाना छोड़ देता है और फिर भी उसका शुगर लेवल हाई रहता है, तो यह हैरानी और चिंता का कारण बन जाता है।
ऐसे में यह समझना जरूरी है कि डायबिटीज कंट्रोल न होने के पीछे और भी कई कारण जिम्मेदार हैं। सिर्फ मीठा छोड़ने से या समय से दवाएं लेना शुगर लेवल कंट्रोल करने के लिए काफी नहीं है। इनके अलावा और भी कुछ बातों पर ध्यान देना जरूरी है। आइए जानें और किन वजहों (Reasons of Uncontrolled Diabetes) से ब्लड शुगर लेवल हाई हो सकता है।
सबसे पहला है तनाव: जब हम लगातार तनाव में रहते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, ऐसे में लिवर से ग्लूकोज ज्यादा रिलीज होने लगता है, जिससे ब्लड शुगर बढ़ जाता है. इस वजह से लंबे समय तक तनाव में रहना डायबिटीज या हाई शुगर की ओर ले जा सकता है.

दूसरी है नींद की कमी: अगर आप रोजाना 6 घंटे से कम सोते हैं, तो यह इंसुलिन सेंसिटिविटी को घटा देता है. इंसुलिन वह हार्मोन है जो ब्लड में ग्लूकोज को नियंत्रित करता है. नींद कम होने पर इंसुलिन ठीक से काम नहीं करता और शुगर लेवल बढ़ जाता है. इसलिए पर्याप्त और समय पर नींद लेना शरीर की ऊर्जा और शुगर संतुलन के लिए जरूरी है.
तीसरी वजह है कुछ दवाओं का सेवन: स्टेरॉयड। ये दवाएं शरीर में ग्लूकोज लेवल को बढ़ाने लगती हैं. अक्सर लोग इन्हें सिरदर्द, एलर्जी या अन्य सूजन वाली बीमारियों के लिए लेते हैं, लेकिन इनके लगातार उपयोग से ब्लड शुगर में बदलाव हो सकता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह से दवाइयां लेना बेहद जरूरी है.
हार्मोनल समस्याएं: जैसे थायरॉइड डिसऑर्डर या पीसीओएस (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम) भी शुगर बढ़ने का कारण बन सकती हैं. थायरॉइड या पीसीओएस में शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे ग्लूकोज ठीक से उपयोग नहीं होता और शुगर लेवल बढ़ सकता है.
एक और वजह है डिहाइड्रेशन: जब शरीर में पानी कम होता है, तो ब्लड ज्यादा गाढ़ा हो जाता है और ग्लूकोज का स्तर बढ़ जाता है. पर्याप्त पानी पीने से शुगर कंट्रोल में रहता है, साथ ही शरीर को ऊर्जा भी मिलती है.


