संभल (उत्तर प्रदेश) स्थित पावन कल्कि धाम में आयोजित दिव्य समारोह में जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि नंद गिरि जी महाराज एवं कल्कि धाम के पीठाधीश्वर जगतगुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम का भव्य संत-सम्मिलन सम्पन्न हुआ।

इस पावन अवसर पर दोनों जगतगुरुओं ने एक-दूसरे को पुष्पमाला एवं भगवा शाल अर्पित कर हार्दिक बधाई दी। वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के मध्य यह आध्यात्मिक संगम संत-समन्वय और सनातन एकता का प्रतीक बना।

दोनों जगतगुरुओं ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि वे मिलकर सनातन धर्म की पताका को समस्त विश्व में लहराने हेतु सतत प्रयासरत रहेंगे तथा राष्ट्र, समाज और विश्व शांति के लिए कार्य करेंगे।
भक्तों को संबोधित करते हुए जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि नंद गिरि जी महाराज ने आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि सनातन धर्म मानवता का मार्गदर्शक है और हम सबका कर्तव्य है कि इसकी गरिमा और मर्यादा की रक्षा करें।
जगतगुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने भी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कल्कि धाम आध्यात्मिक चेतना का महान केंद्र बनकर उभरेगा।
दोनों संतों ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान कल्कि का भव्य मंदिर शीघ्र ही पूर्ण रूप से निर्मित होकर राष्ट्र और विश्व के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा—यह हम सभी का सामूहिक संकल्प है।
कार्यक्रम का समापन शांति-पाठ, सामूहिक प्रार्थना एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


