प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस कमेटी के सचिव विशु अजमानी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों की सराहना करते हुए कहा कि इन निर्णयों से छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी को नई दिशा और मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की दूरदर्शी नीतियों का ही परिणाम रहा कि प्रदेश का किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने में सक्षम हुआ। भूपेश बघेल सरकार ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए दर्जनों किसान-हितैषी योजनाएं लागू कीं, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिला।
विशेष रूप से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत प्रति एकड़ 9 हजार रुपये की इनपुट सहायता ने किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि आवश्यकताओं में आत्मनिर्भर बनाया। इस सहायता से किसान पहले की तुलना में अधिक सशक्त और आत्मविश्वासी बने।श्री अजमानी ने कहा कि वर्तमान में यह योजना जमीनी स्तर पर बंद जैसी नजर आ रही है और किसानों तक इसका वास्तविक लाभ नहीं पहुँच रहा, जिससे उनके बीच चिंता और असंतोष बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के चलते पहले कृषि उत्पादन में वृद्धि हुई, किसानों की आय बढ़ी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। खेती में तकनीक और आधुनिक संसाधनों के उपयोग को भी बढ़ावा मिला।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना किसी एक पार्टी का मामला नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश के अन्नदाता किसानों के हित और भविष्य से जुड़ी है। यदि सरकार वास्तव में किसानों के कल्याण को लेकर गंभीर है, तो इसे पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से फिर से लागू किया जाना चाहिए।अंत में श्री अजमानी ने भाजपा सरकार से मांग की कि किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए राजीव गांधी किसान न्याय योजना को पूरे छत्तीसगढ़ में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि प्रदेश के अन्नदाता किसानों को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हक और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।


