भीनमाल। प्रदेश भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत बुधवार को बजट पेश किया गया। जालोर भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला है। सरकार ने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों, आर्थिक चुनौतियों एवं जन-आवश्यकताओं का समग्र मूल्यांकन करते हुए प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर जनहितकारी घोषणाएं की हैं । यह बजट आमजन के जीवन स्तर को उन्नत करने, आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा समग्र विकास सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विकसित राजस्थान की संकल्पना को देगा नवीन गति
जिलाध्यक्ष राजपुरोहित ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट ध्येय विकसित राजस्थान के सपने को साकार करना है। बजट में विकास के बहुआयामी मानकों यथा आर्थिक सुदृढ़ता, सामाजिक समावेशन, आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन और ग्रामीण उत्थान को केंद्र में रखते हुए योजनाएं प्रस्तुत की गई हैं। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश को प्रगति के नवीन सोपानों पर स्थापित करने का संकल्प-पत्र है।
हर वर्ग को साथ लेकर विकास की ओर अग्रसर
जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को वास्तविक रूप देता है। समाज के प्रत्येक वर्ग महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, सूक्ष्म व्यापारियों एवं मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का विस्तार किया गया है। लखपति दीदी योजना के विस्तार, युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर, कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के समावेश और आय वृद्धि के ठोस उपाय इस बजट की विशेष उपलब्धियां हैं। यह बजट आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में प्रभावी कदम है।

किसानों और सूक्ष्म व्यापारियों को विशेष प्राथमिकता
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने सदैव किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसान सशक्त होगा तो प्रदेश समृद्ध होगा। बजट में किसानों को महंगाई से राहत, कृषि योजनाओं में सुधार तथा आय बढ़ाने के लिए अनेक ऐतिहासिक घोषणाएं की गई हैं।
साथ ही सूक्ष्म एवं लघु व्यापारियों के लिए भी सहायक प्रावधान कर उन्हें आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए गए हैं।
आर्थिक सुदृढ़ता और सुशासन की दिशा में ठोस कदम
जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने, वित्तीय अनुशासन स्थापित करने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। यह बजट आर्थिक विसंगतियों को दूर कर संतुलित विकास की राह प्रशस्त करेगा।
विकास और खुशहाली का नव अध्याय
भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने बजट में स्वरोजगार योजनाएं, पेंशन योजना, खाद्य सुरक्षा, पेयजल प्रबंधन, शहरी विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार, फर्जी परीक्षाओं पर रोकथाम के सख्त प्रावधान, औद्योगिक विस्तार, सड़क सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए विशेष प्रावधान जैसे अनेक महत्वपूर्ण आयाम शामिल हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रदेश के विकास का नवीन स्वरूप स्थापित करेगा तथा राजस्थान को समृद्ध, आत्मनिर्भर और खुशहाल राज्य के रूप में नई पहचान दिलाएगा।


