E-Paper
Tuesday, March 3, 2026
E-Paper
HomeHindi NewsNational : होली से पहले दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन आघात, 918 लोगों...

National : होली से पहले दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन आघात, 918 लोगों के खिलाफ बड़ा एक्शन

होली से पहले दिल्ली के साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में ‘ऑपरेशन आघात 4.0’ के तहत दिल्ली पुलिस ने 918 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. NDPS, एक्साइज, आर्म्स एक्ट, जुआ, ओपन ड्रिंकिंग और DP एक्ट के तहत कई लोगों के खिलाफ एक्शन लिया गया.

होली के त्योहार से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात 4.0’ चलाया. इस विशेष अभियान के तहत कुल 918 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस का मकसद त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर रोक लगाना था. अभियान के दौरान अलग-अलग कानूनों के तहत छापेमारी और गिरफ्तारी की गई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान कई दिनों तक लगातार चलाया गया. होली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.

ऑपरेशन के दौरान NDPS एक्ट के तहत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से 6.66 किलो गांजा और 12.70 ग्राम MDMA बरामद हुई. इसके अलावा एक्साइज एक्ट के तहत 38 लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने इनके कब्जे से 8276 क्वार्टर शराब, 110 बीयर की बोतलें और 28 नीर केन जब्त कीं. अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर सख्ती दिखाई गई. त्योहार से पहले शराब की अवैध सप्लाई रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई.

अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 11 देशी पिस्टल (CMP), 13 जिंदा कारतूस और 20 चाकू बरामद किए. इसके साथ ही जुआ खेलने के आरोप में 62 लोगों को पकड़ा गया. मौके से 82,210 रुपये नकद जब्त किए गए. पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान आपराधिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए पहले से ही सख्त कदम उठाए गए हैं. अवैध हथियारों की बरामदगी को बड़ी सफलता माना जा रहा है.

सार्वजनिक स्थानों पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने एक्शन लिया. COTPA उल्लंघन के तहत 63 लोगों से 11,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा एक्साइज एक्ट की धारा 40A और 40B (ओपन ड्रिंकिंग) के तहत 160 कलंदरों में 252 लोगों को बाउंड डाउन किया गया. पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. त्योहार के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई.

नए कानून BNSS की धाराओं के तहत भी कई लोगों पर कार्रवाई की गई. धारा 126 और 169 BNSS (पूर्व 107/150 CrPC) के तहत 9 लोगों को बाउंड डाउन किया गया. वहीं 126/170 BNSS (पूर्व 107/151 CrPC) की 77 कलंदरों में 149 लोगों पर कार्रवाई हुई. इसके अलावा धारा 129 BNSS (पूर्व 110G CrPC) के तहत 23 कलंदरों में 39 लोगों को बाउंड डाउन किया गया. यह कार्रवाई संभावित शांति भंग की आशंका को देखते हुए की गई.

अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 66 के तहत 273 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस का कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहार पर असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं. इसलिए पहले से ही सख्ती बरतना जरूरी था. ऑपरेशन आघात 4.0 के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जाएगा. त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments