कन्हारपुरी सीआईटी रोड क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। कांग्रेस ओबीसी पिछड़ा वर्ग विभाग के शहर अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि कुछ विशेष लोगों को अवैध प्लॉटिंग की खुली छूट मिली हुई है। दलालों द्वारा ले-आउट में सड़क दिखाकर अंदर स्थित खेत की जमीन को बिना वास्तविक सड़क के ही प्लॉट के रूप में बेच दिया गया जिससे कई भोले-भाले लोग ठगी का शिकार हो गए हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि कन्हारपुरी सीआईटी रोड स्थित खसरा नंबर 153/57 में एक खेत, जो मुख्य सड़क से अंदर है, उसे ले-आउट नक्शे में सड़क दिखाकर प्लॉट के रूप में बेचा गया। आरोप है कि दलालों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वहां सड़क और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी लेकिन जमीन खरीदने के बाद लोगों को पता चला कि वास्तविकता में वहां कोई सड़क ही नहीं है। उन्होंने कहा कि दलाल भोले-भाले लोगों को गुमराह करके जमीन खरीदवाते हैं अपना कमीशन लेते हैं और बाद में गायब हो जाते हैं। इससे आम जनता को खुलेआम ठगा जा रहा है। श्री चंद्राकर ने यह भी सवाल उठाया कि जब चौहद्दी में सड़क दिखाकर रजिस्ट्री कराई गई और उसी हिसाब से रजिस्ट्री शुल्क भी लिया गया तो क्या अब रजिस्ट्रार कार्यालय खरीदारों को कागजों में दर्शाई गई सड़क उपलब्ध कराएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि या तो प्रशासन को इस मामले की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि इस पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित लोगों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। वीरेंद्र चंद्राकर ने बताया कि वे जल्द ही उन सभी लोगों से संपर्क करेंगे जिन्होंने वहां प्लॉट खरीदे हैं ताकि सामूहिक रूप से प्रशासन के सामने मामला रखा जा सके और पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।


