महंगाई, रसोई गैस और ईंधन की बढ़ती कीमतों तथा केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को ब्यावर शहर के प्रमुख पाँच बत्ती चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
यह विरोध प्रदर्शन गोविंद सिंह डोटासरा (प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के आह्वान तथा जिला अध्यक्ष किशोर चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा तथा जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धरमसिंह भाटी ने संयुक्त रूप से किया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने गृहणियों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है और जब तक महंगाई पर नियंत्रण नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धरमसिंह भाटी ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील से देश के किसानों और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे कृषि क्षेत्र को नुकसान होगा और बेरोजगारी की समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के बजाय केंद्र सरकार की नीतियां आर्थिक असंतुलन की स्थिति पैदा कर रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में ₹60 की वृद्धि और कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत व्यापारियों और आमजन के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी, होटल व्यवसायी और मध्यम वर्ग इन नीतियों से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र ओस्तवाल, नरेंद्र झंवर, पूर्व सभापति शांति बाई डाबला तथा पूर्व पार्षद राजेन्द्र बाबेल ने भी सभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट के मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
प्रदर्शन में कपासन प्रभारी आशीष पाल पदावत, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष अजमत काठात, मेघराज बोहरा, शोभा चौधरी, हनुमान चौधरी, सतीश जाग्रत, रामचन्द्र टेलर, मंडल अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव सुलक्षणा शर्मा, पूर्व जिला सचिव यशोदा गुर्जर, ब्यावर विधानसभा सेवादल अध्यक्ष मगन सोलंकी, एससी प्रकोष्ठ जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. जगदीश, अशोक साहू, रामलाल लखन, हनुमान साँखला, अनिल शर्मा, बालकिशन गोठवाल, सुनील कांठेड़, बृजवल्लभ पाराशर, रोहित बजारी, हरिसिंह परिहार, संजय शर्मा, रवि डंडायत, अभिषेक जैन, वृतन्जय आर्य, संदीप साँखला, नन्दकिशोर दगदी, ललित सोनी, दिलीप सोलिवाल, जय कुमार, हरीश साँखला, जुगल किशोर शर्मा, जसवंत सिंह, सलीमुद्दीन, अब्दुल मजीद कुरैशी, हेमंत त्रिपाठी, यूसुफ मोहम्मद, हेमसिंह, प्रकाश सिंह, अनिल यति, लक्ष्मण भट्ट, भगवान दास पालड़िया, राजेन्द्र दगदी, अर्जुन साँखला, विवेक कुमार, राधेश्याम शर्मा, चिमन शिवनगरी, मंगल सिंह भाटी, मनोज गौड़, बाबू भाई पंचोली, मनीष चौधरी, पवन शर्मा, कमल, लालचंद, हरीश साँखला, विष्णु प्रकाश सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में जोरदार नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।


